मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।

गौतम बुद्ध नगर। ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम दुजाना में आगामी 5 अक्टूबर 2026, सोमवार को निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप माता दयावती जी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है और पिछले 15 वर्षों से लगातार सेवा कार्य के रूप में आयोजित होता आ रहा है।
कैंप का आयोजन रामकोर बालिका विद्यालय, दुजाना के प्रांगण में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। शिविर में गौतम बुद्ध नगर सहित आसपास के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को मोतियाबिंद की जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस सेवा अभियान की खास बात यह है कि अब तक 4920 से अधिक मरीजों की आंखों के सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। गौतम बुद्ध नगर के अलावा बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, एटा, मैनपुरी, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी मरीज इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।
आयोजकों के अनुसार, यह कैंप स्व. अनिल गुप्ता, दुजाना वाले के द्वारा आरम्भ किया गया था, जिसे आज भी सेवा और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को आंखों की बीमारी से राहत दिलाकर उनके जीवन में रोशनी और आत्मविश्वास लौटाना है।
मरीजों से अपील की गई है कि वे पहचान के लिए आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी, बैंक पासबुक, विद्युत बिल या पैन कार्ड में से कोई वैध दस्तावेज साथ लेकर आएं और निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर इस निशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं।
“मानव सेवा ही माधव सेवा है” के संदेश के साथ आयोजित यह कैंप समाजसेवा की एक प्रेरणादायी मिसाल बन रहा है।




