कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।
दादरी/मेरठ, 4 अक्टूबर 2026। शिक्षक हितों की आवाज को विधान परिषद में मजबूती से उठाने वाले वर्तमान मेरठ-सहारनपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी एवं भाजपा प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा सोमवार, 5 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने उन्हें इस शिक्षक सीट से पुनः प्रत्याशी बनाया है।
नामांकन कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे दादरी स्थित केशव माधव कॉलेज कैंप कार्यालय से होगी। यहां गौतमबुद्धनगर एवं बुलंदशहर के परिवारजनों, शिक्षक साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ हवन-पूजन कर श्रीचंद शर्मा मेरठ के लिए प्रस्थान करेंगे।
इसके बाद प्रातः 10:00 बजे SGM Garden, बेगम पुल, मेरठ में गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर के साथ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर एवं सहारनपुर से आए शिक्षक साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ नामांकन कार्यक्रम होगा।
श्रीचंद शर्मा की पहचान शिक्षक हितों के सजग प्रहरी, संगठनात्मक नेतृत्व और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े सक्रिय प्रतिनिधि के रूप में रही है। वे वर्तमान में भाजपा उत्तर प्रदेश शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी हैं।
नामांकन को लेकर समर्थकों में उत्साह है। श्रीचंद शर्मा ने शिक्षक साथियों, शिक्षा विदों, मित्रों एवं कार्यकर्ताओं से सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि “आपका साथ, हमारा संकल्प और सेवा का निरंतर सफर” ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।




